सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सारिका भूषण की कविताएँ

1. समुद्र 
-------

एकटक
निहार रही थी लहरों को
बन एक शून्य
शून्य तक निहार रही थी

दूर दिखती लहरें
अब पास दिख रही थी
लहरों के वेग देख
पहले डरी - डरी थी
पर अब खड़ी थी
सामना करने को तैयार
क्योंकि
अब पाँव जमा चुकी थी
रेत की ज़मीन पर
बेख़ौफ़
निर्विकार होकर ।

लहरें टकराकर
लौट रही थीं
पैरों तले ज़मीन भी
सरकती जा रही थी
हिल जा रही थी मैं
मगर मेरे इरादों को
गिरना मंजूर नहीं था ।



2. मृगनयनी
--------------

हां !
मृगनयनी थी वह
उसकी बड़ी - बड़ी आँखें
और
आंखों से बोलती वह
भाषा का तो पता नहीं
पर उन गहरी आंखों में
अकुलाते सपने
मुझे बहुत दिखे थे ।

हां !
मृगनयनी थी वह
मचलती थीं उसकी
चंचल पुतलियां
और
पुतलियों में थी
एक अजीब सी चमक
जो उसे
औरों से अलग बता रहे थे ।

हां !
मृगनयनी थी वह
उसके श्यामल चेहरे पर
आंखों के सामने गिरते
काले ,घुंघराले और उलझे केश
मेरे न चाहते हुए भी
मुझे और कुछ लफंगों को
उलझाते ही जा रहे थे ।

हां !
उसी मृगनयनी को
जिसके कांधे पर
लटक रहा था मटमैला झोला
और झोले से हुलक रहे थे
रास्ते से चुने हुए कचरे
जो उसके लिए
रोटी का इंतज़ाम
कर रहे थे ।

हां !
उसी मृगनयनी को देख
बेबस खड़ा मैं
उसकी आँखों में डूबता गया
पर
अपनी कायर आंखों से
चाह कर भी
उसके आगे कुछ न देख सका
और धीरे - धीरे
वह मृगनयनी
ओझल होते गई
और खो गई
मनुष्य के जंगल में
अपने अस्तित्व के साथ
एक कस्तूरी मृग की तरह ।



3. अकुलाहट
---------------

अकुलाती है उंगलियां
मनोभाव उकेरने को
नाचता है मन
आकृतियों में रंग भरने को
तरस जाती हैं आंखें
उन रंगों में
अपना आशियाना देखने को
पर
दौड़ा जा रहा वक़्त
भाग रही ज़िन्दगी
और जब
अतीत के कुछ पन्ने
पलट कर देखती हूँ
तब इस भाग - दौड़ में
टूट रहीं हैं आकृतियां
कई चटख रंग
फीके पड़ रहे हैं
कहीं फैल गया है स्याह रंग
कई रंग ढूंढ रहे हैं मुझे
और मैं तो
खुद हर पन्नों में ढूंढ रही हूँ
अपनी फिसलती ज़िन्दगी
इस अंधी दौड़ में
अब मुझे नहीं दौड़ना
कहीं तो विराम चाहिए
थोड़ा सुकून
थोड़ी सी ख़ुशी
जो जीने के लिए काफी है ।





4. नानी-घर
--------------

माँ !
चलो न नानी घर
नाना - नानी नहीं
तो क्या हुआ
दिराखा पर रखी ढिबरी तो होगी
मंद रौशनी से
कई यादें रौशन होंगी
कोठरी के दरवाजे पर लगा होगा
कुंडी और ताला।

चाभी नहीं तो क्या हुआ
कहीं तो एक
झरोखा होगा
जहां से दिखेंगी
कुछ बोलती
टकटकी लगाती
धूमिल तस्वीरें ।

दालान में पड़ी होंगी
झगड़े सुलझाती
कुछ काठ की कुर्सियां
और अँगना में फैली होंगी
कद्दू , नेनुआ और कोहड़ा की
सुखी लत्तरें और
बाट जोहती होंगी
जंग लगी
लोहे की जालियां ।


सच !
चलो न माँ
कहीं किसी कोने में
बैठी होगी
नाना के पनबट्टे की खुशबू
और
नानी की यादें
साथ ही
कोठरी में गूंजती होगी
राजा - रानी के किस्से ।

चलो न माँ !
तुम्हारे घुटनों का दर्द
शायद छू मंतर हो जाए
तुम दौड़ने लगो
अपने बचपन में
और
खिलखिला उठे नाना - नानी
क्योंकि
मैंने सपनों में
नानी को परेशान देखा है
तुम्हारे दर्द को लेकर ।



5. मौन को मुखर होने दो
-----------------------------

मुझे गंवारा नहीं
तुम्हारा सागर सा शांत हो जाना
तुम्हारे अंदर की गहराई
मैं माप नहीं सकती
तुम्हारे छिपे आवेग को
मैं सह नहीं सकती
तुम्हारा पत्थर सा जड़ हो जाना
मुझे नहीं भाता
वक़्त के थपेड़ों से उभरे खुरदुरापन
मैं देख नहीं पाती
इसलिए
मौन को मुखर होने दो
यह वादा मुझे आज लेने दो
सहनशीलता की दहलीज को
एक बार खुद से लांघ जाने दो
अंदर का शोर....
दबी हुई चीखें.....
अब आदमी नहीं सुनता
और न सुनता कोई देवता
कुछ शिकायतें करो....
कुछ मिन्नतें करो...
खुद से बातें करो...
खुल कर रोया करो...
और एक बार
बस एक बार
मौन को मुखर होने दो !!

               

टिप्पणियाँ

चर्चित रचनाएँ

संतोष श्रीवास्तव की कविताएँ

आंदोलिता हवाएँ -------------------- ये आंदोलिता हवाएँ टिकने न देंगी मोम पर जलती, थरथराती लौ अंधेरे से निपटने की तमाम कोशिशें नाकाम करने पर उतारू इन हवाओं का नहीं कोई ठिकाना गुज़रती जा रही हैं कुसुम दल से, डालियों से, झील के विस्तार को झकझोरती मोम के आगोश में लौ का बुझता, मरता अस्तित्व पर यह उतना आसान भी न था सम्हाल रखा है एक आतुर प्रण लिए तरल मोम ने बूँद सी लौ को लड़ने की पूरी ताकत से एक आंदोलन हवा के खिलाफ वहाँ भी तो था ****** आर्त्त पुकार ++++++++ मैंने अरमानों के कुछ बीज अपनी मुट्ठी में दबा रखे हैं और आतुरता से प्रतीक्षा कर रही हूं मौसम की दस्तक का चारों ओर नि:शब्द सन्नाटा है पानी की एक बूंद तक नहीं आषाढ़, सावन,भादो भरोसा दिलाते रहे कहीं धुनके हुए कहीं सिलेटी बादलों से हवा संग छितराते रहे पर बरसे नहीं सूखी, पपड़ाई धरती करती रही प्रतीक्षा अपने प्रियतम बादलों के बरसने का कोख में दबे बीजों के झुलस जाने की आशंका धरती का कलेजा कर रही चूर चूर आता तो रहा है अब तक मौसम सिलसिलेवार इस बार क्या हुआ मौसम की आवाजाही को बूढ़ी धरती ...

डॉ. तरुणा दाधीच की लघुकथाएँ

1-  हिस्से का समय       ओ...ओ..ओ....गाते हुए और घुटने को हिला रही सृष्टि की नजर फोन पर गढ़ी थी और दोनों हाथों से मैसेज टाईप करने में इतनी व्यस्त हो गई की गोद में सो रही नीरा को भूल ही गयी।ऐसा अक्सर होता रहता, व्यस्त दिनचर्या के कारण सृष्टि परिवार और दोस्तों से थोड़ा कट सी गयी थी, तो जब बच्ची को सुलाने आती तब फोन को देखना उसके लिए तय कार्य रहता।सृष्टि की नज़र जब नीरा पर पड़ी तो स्फारित नेत्रों से मानो कुछ प्रश्न कर रही उसे अनिमेष देख रही थी, सृष्टि ने आँखें दिखाकर सुलाना चाहा पर बहुत देर तक जगी रही।अगले दिन फिर वही देख सृष्टि ने कुछ विचार कर फोन को एक ओर रख उसे थपथपाने लगी।सृष्टि अवाक् थी, देर तक सोने वाली नीरा आज इतना जल्दी सो गई,जब उसने देखा नीरा के चेहरे पर  संतुष्टि का भाव और छोटे से होंठों पर लम्बी सी मुस्कान है, सृष्टि को समझते देर नहीं लगी कि वह उसका सारा ध्यान स्वयं पर चाहती थी।आज जब नीरा को सुलाने गयी तो ,नीरा ने बिना विलम्ब किये फोन पर चल रहे हाथ को पकड़कर अपने ऊपर रख लिया और करुण नेत्रों से उसे देखने लगी,मानो पूछ रही हो ,मेरी क्या गलती हैं जो आप मेर...

जनकवि/जनलेखक नागार्जुन प्रतियोगिता (2020)

वर्जिन साहित्यपीठ जनकवि/जनलेखक प्रतियोगिता 2020 हेतु कविता/लघुकथा/कहानी/निबंध/लेख आमंत्रित करता है 1. प्रथम पुरस्कार: 3100 रुपये 2. अन्य पुरस्कार: टॉप 10 में पहुँचने वाले अन्य सभी  लेखकों की एक पुस्तक पुरस्कारस्वरूप प्रकाशित की जाएगी। उन्हें 1 लेखकीय प्रति भी प्रदान की जाएगी। निर्णायक मंडल: गूगल प्ले स्टोर के पाठक प्रवेश प्रक्रिया: आपको न्यूनतम 21 कविताएँ/लघुकथाएँ अथवा 11 कहानियाँ अथवा 15 लेख/निबंध परिचय और फोटो के साथ virginsahityapeeth@gmail.com पर भेजना है। भेजने से पूर्व अशुद्धियाँ जांच लें और रचनाएँ मंगल/यूनिकोड में ही भेजें। आप एक साथ कई विधाओं में भी रचनाएँ भेज सकते हैं। प्रवेश शुल्क: 500 रूपए (यदि आप 3 विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं तो आपको 500 x 3 = 1500 रूपए भेजने होंगे)। आप एक ही विधा की एक से अधिक पांडुलिपि भी भेज सकते हैं।  यह राशि आपको 9868429241 पर पेटीएम अथवा गूगल पे करना है। आप राशि बैंक में भी ट्रांसफर कर सकते हैं। ईमेल में रचनाओं के साथ पेटीएम की रसीद अवश्य संलग्न करें। भाषा/साहित्यिक विधा: किसी भी भाषा में, किसी भी साहित्यिक विधा में आप भाग ले सकते हैं। चयन प...